
अंबिकापुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पार्क परिसर में घुसे आवारा कुत्तों ने बाड़े के अंदर रखे हिरणों और कोटरी पर हमला कर दिया, जिससे 16 हिरणों समेत कोटरी की मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, संजय पार्क में रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को बाड़े में रखा जाता है। इसी बाड़े में आवारा कुत्ते घुस गए और उन्होंने हिरणों व कोटरी पर हमला कर दिया। हमले में सभी जानवर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पार्क प्रबंधन ने शुरुआत में इस घटना को छिपाने की कोशिश की, लेकिन मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद वन विभाग हरकत में आया।डीएफओ अभिषेक जोगावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ फॉरेस्ट की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया है। समिति घटना की जांच कर रिपोर्ट पेश करेगी, जिसके आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही एहतियातन संजय पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान पार्क को सैनिटाइज किया जाएगा और बाड़े की मरम्मत की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
