
महासमुंद, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नवरात्रि के दौरान भारी भीड़ के बीच रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली असंतुलित होकर नीचे की ओर झटके से आ गई। इस हादसे में 8 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रॉली में श्रद्धालु सवार होकर मंदिर की ओर जा रहे थे। अचानक केबल टूटने से ट्रॉली जोरदार झटके के साथ नीचे की ओर आई, जिससे उसमें बैठे लोग घायल हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब नवरात्रि के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। ऐसे में रोपवे जैसी व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और एहतियातन रोपवे सेवा को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव में लापरवाही के आरोप लगाए हैं और नियमित जांच नहीं होने की बात कही है।बताया जा रहा है कि खल्लारी माता मंदिर पहाड़ी पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे का उपयोग करते हैं। रविवार सुबह भीड़ के बीच यह हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
