
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में अफीम की अवैध खेती को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा है कि प्रदेश में कहीं भी इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में मामला सामने आने के बाद सभी कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए गए थे। कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खेती को चिन्हित भी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के दायरे में कार्रवाई करते समय किसी भी रसूखदार को नहीं बख्शा जाएगा।
विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति पर उठाए गए सवालों पर सीएम साय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति सुदृढ़ हुई है और ऊर्जा संसाधनों की उपलब्धता भी बेहतर हुई है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार, विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इसे समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में नक्सलियों का आत्मसमर्पण बढ़ा है जो एक सकारात्मक संकेत है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि सरकार नक्सलवाद के खिलाफ अपनी रणनीति पर लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
