
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। भिलाई के खुर्सीपार इलाके में गैस एजेंसी में अव्यवस्था के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। शताक्षी गैस एजेंसी में तैनात बाउंसर और एक ग्राहक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बाउंसर ने ग्राहक के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिससे अन्य ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालकों ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाउंसर ने युवक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। इस दौरान अन्य ग्राहकों के साथ भी बदसलूकी की गई जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने एजेंसी में अव्यवस्था और खराब व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मारपीट में शामिल तीन बाउंसरों की पहचान हरिओम चौधरी, विकास सिंह और विक्की विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
