
कोरबा, द मीडिया पॉइंट। शहर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां ड्यूटी पर जा रही एक नर्स पर सरेआम चाकू से हमला कर दिया गया। घायल अवस्था में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।
यह घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंचवटी मार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नर्स स्कूटी से अस्पताल ड्यूटी के लिए जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक अज्ञात बदमाश ने पीछे से उस पर हमला कर दिया और फरार हो गया। हमले के बाद युवती ने अपने एक परिचित को फोन कर मदद मांगी और उसी हालत में अस्पताल पहुंची। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
