
बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। बलौदाबाजार जिले में बिना सूचना लंबे समय तक मुख्यालय से गायब रहने वाले एक पटवारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर एसडीएम राजस्व विभाग के पटवारी चंद्रप्रकाश को निलंबित कर दिया गया है।
बताया गया है कि पटवारी हल्का नंबर 26, ग्राम धोधा में पदस्थ चंद्रप्रकाश 20 फरवरी 2026 से बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित थे। उनकी अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे थे जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1966 के उल्लंघन के तहत यह कार्रवाई की है।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय सिमगा निर्धारित किया गया है। साथ ही इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
