
कोंडागांव, द मीडिया पॉइंट। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।मिली जानकारी के अनुसार, कोकोडी गांव निवासी धनेश्वर और उसकी पत्नी सुखबती नेताम किसी काम से बनियागांव गए थे। गुरुवार रात जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बल्लारी नाला के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर धनेश्वर ने गुस्से में आकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है वहीं बच्चों के भविष्य को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।
