
बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बलौदाबाजार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े हुए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन हिमाचल प्रदेश से किया जा रहा था।इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि यह संगठित गिरोह छत्तीसगढ़ के भाटापारा से लेकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले तक सक्रिय था और किराए के मकान से देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास एक कार्रवाई के दौरान आरोपी अजय बतरा को आईपीएल मैचों पर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, 5,780 रुपए नकद और सट्टेबाजी से जुड़े कई डिजिटल सबूत, जैसे स्क्रीनशॉट आदि बरामद किए गए।अजय बतरा के मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” नाम के पैनल आईडी का खुलासा हुआ, जिसके माध्यम से सट्टे का बड़ा नेटवर्क संचालित हो रहा था। आगे की जांच में यह सामने आया कि इस आईडी को ऑपरेट करने वाला मुख्य गिरोह हिमाचल प्रदेश में बैठकर पूरे देश में सट्टा चला रहा था।
इसके बाद भाटापारा शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक किराए के मकान में चल रहे सट्टा ऑपरेशन का भंडाफोड़ किया गया। मौके से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ के रहने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं। इनमें 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 2 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। जब्त किए गए उपकरणों की कुल कीमत 50 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए Branch-08, Branch-27 और Branch-35 जैसे अलग-अलग लिंक बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। इस नेटवर्क के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध लेन-देन और सट्टेबाजी को अंजाम दिया जा रहा था। इस पूरे मामले में पहले से दर्ज अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई में भाटापारा शहर थाना की मजबूत सूचना तंत्र और तकनीकी जांच की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और इसके सरगना तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद साफ हो गया है कि ऑनलाइन सट्टा गिरोह अब हाईटेक तरीके से अलग-अलग राज्यों में अपने नेटवर्क फैला रहे हैं, जिस पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम – 1. अंकित राज पिता अविनाश कुमार सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी हाउस न० 39, गली न० 16 मॉडल टाउन हिसार, हरियाणा।
2. सदाम हुसैन पिता हिदायत तुला उम्र 25 वर्ष निवासी महामाया पारा नहर रोड अम्बिकापुर।
3. लवप्रित सिंह पिता सुरजीत सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी गाय सानीपुर ताडा थाना जुलका जिला पटियाला पंजाब।
4. अजिबुल रहमान पिता मेहबूब खान उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम टेगनी थाना पटना जिला बैकुंठपुर।
5. अनिकेत त्यागी पिता पंकज त्यागी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम चंदपुरा थाना एंचोड़ा जिला संभल उत्तरप्रदेश।
6. दीपक उर्फ दीपू चौहान पिता अजय सिंह चौहान उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मंडिया जिला मुरादाबाद उत्तरप्रदेश।
7. रमन कुमार पिता तरसेम लाल उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम उपरली पठानकोट (पंजाब)।
8. मुकेश सोनी पिता तुलसीराम सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी पीपरा अदायी गौरा चौकी थाना खोड़ारे जिला गौड़ा उत्तरप्रदेश।
9. राकेश कुमार पिता सरदारी लाल उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम एंव थाना नारोट जैमल सिंह जिला पठानकोट पंजाब।
10. मनु पिता दर्शन कुमार उम्र 24वर्ष निवासी ममुन थाना डिविजन न० 4 पठानकोट जिला (पंजाब)।
11. करणदीप सिंह पिता स्व० प्रगटसिंह उम्र 29 वर्ष निवासी लहरागागा थाना लहरागागा जिला संगरूर (पंजाब) ।
12. दीपक कुमार पौडेल पिता जीत बहादुर पौडेल उम्र 27 वर्ष निवासी दमक वार्ड कमांक -07 जिला तरहरा (नेपाल)।
13. रितिक कुमार पिता मंगल दास उम्र 24 वर्ष निवासी दतियाल थाना नरोड़ जैमल सिंह जिला पठानकोट (पंजाब)।
14. राहुल सरमाल पिता जोगिन्द्र पाल उम्र 28 वर्ष निवासी सराय मोहल्ला गुरुद्वारा के पास पठानकोट।
15. शिवम पिता पुरुषोतम लाल उम्र 30 निवासी सराई मोहल्ला थाना डिविजन न० 1 पठानकोट जिला पठानकोट (पंजाब)।
16. गुलशन कुमार पिता श्री प्रवीण कुमार उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम अंतौर थाना नरोट जैमलसिग जिला पठानकोट (पंजाब)।
