
राजनांदगांव, द मीडिया पॉइंट। पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 20.04.2026 को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि ममता नगर निवासी लोकेश कुमार सिन्हा अपने घर में भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब डंप कर रखा है और उसे खपाने की तैयारी में है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए साइबर सेल एवं थाना सिटी कोतवाली की टीम ने गवाहों के साथ ममता नगर स्थित आरोपी के निवास पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में मध्य प्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब “बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की“ बरामद की गई। पुलिस ने कुल 161 नग पौव्वा (कुल 28.980 बल्क लीटर) अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 21,735 रुपये है। आरोपी के पास उक्त शराब रखने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरणः
लोकेश कुमार सिन्हा पिता शंकर लाल सिन्हा, उम्र 32 वर्ष, निवासीः ममता नगर गली नं. 07, राजनांदगांव, थाना कोतवाली (छ.ग.)।
आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के अंतर्गत अजमानतीय अपराध होने के कारण अपराध क्रमांक 221/2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को दिनांक 20.04.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
राजनांदगांव पुलिस अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध अपनी “सख्त कार्यवाही“ की नीति को भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रखेगी।
