नई दिल्ली/रायपुर। डेस्क। जॉब के लिए इंटरव्यू दिलाने ले जाने का झांसा देकर महिला के साथ चलती कार में छेड़छाड़ की गई। इसके पहले जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। जूस पीने के बाद पीड़िता बेसुध हो गई। प्राइवेट हॉस्पिटल के कर्मचारी ने पूर्व सहकर्मी के साथ यह घिनौनी हरकत की। मनमानी करने के उपरांत पीड़िता को पॉश कॉलोनी में अकेला छोड़कर आरोपी फरार हो गया। इस संबंध में शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित महिला काफी समय तक निजी अस्पताल में कार्यरत थी।
किन्हीं कारणों से कुछ दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। इस बीच हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारी जितेंद्र कुमार ने पूर्व सहकर्मी से संपर्क किया। जितेंद्र ने साहिबाबाद में निजी कंपनी में जॉब लगवाने का आश्वासन दिया। जॉब से पहले इंटरव्यू दिलाने की बात कहकर उसने बहाने से महिला को घर से बुला लिया। कार में बैठाने के बाद आरोपी ने पीड़िता को जूस की पेशकश की। जूस पीकर वह अचानक बेसुध होने लगी। आरोप है कि कर्मचारी काफी देर तक कार को इधर-उधर घुमाकर महिला संग छेड़छाड़ करता रहा। होश में आने पर पीड़िता ने खुद को कविनगर में अकेला पाया। घर आकर उसने पति को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
पति ने आरोपी को फोन कर मिलने की बात की। इस पर आरोपी ने दंपति को आरडीसी-राजनगर में बुला लिया, जहां कर्मचारी जितेंद्र कुमार ने महिला को अपने साथ ले जाने से साफ इंकार कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के पति व 2 बेटियों से गाली-गलौच व मारपीट कर कपड़े तक फाड़ दिए। तत्पश्चात इस संदर्भ में थाना पुलिस से शिकायत की गई। एसएचओ अमित काकरान का कहना है कि आरोपी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांचोपरांत जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।