रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। न्यूनतम ही नहीं अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ रहा है, जिससे रातें ही नहीं दिन भी सर्द होने लगे हैं। ठंड के आगे धूप भी बेअसर लगने लगी है। यही वजह है कि कंबल, रजाई, स्वेटर, जैकेट का इस्तेमाल करने के साथ ही लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। 20 नवंबर के बाद से लगातार ठंड बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी क्रमश: गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान के चलते जहां रातें बेहद ठंडी हो गई हैं तो अधिकतम तापमान में गिरावट होने से दिन भी ठंड महसूस हो रहा है। यही वजह है कि लोगों को दिन में भी स्वेटर, जैकेट जैसे गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। इधर शाम होते ही ठंड से बचने लोग अलाव जलाने लगे हैं।
जशपुर वनांचल में इन दिनों शीतलहर से ठंड अपने शबाब पर पहुंचने को बेताब है। उत्तरी-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने जिले का न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया है। वहीं कवर्धा में सबसे कम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी बीती रात 13 डिग्री तक पारा गिर गया। शनिवार की रात जशपुर जिले के ऊंचे पठारी क्षेत्र सन्ना और पंडरापाठ इलाके में जमीन में बर्फ की चादर बिछी हुई नजर आई, सुबह लोग सो कर उठे तो खेत सफेदी से लिपटी हुई थी। जानकारों के अनुसार आसमान से बरस रही सफेदी, किसानों के लिए मुसीबत साबित हो रही है। खासकर टाउ और सरसों की फसल के लिए बर्फीली चादर बेहद घातक साबित होती है। लोगों का कहना है कि पाला मारने से टाउ में लगे हुए फूलों के झड़ने से उत्पादन पर बुरा असर पड़ता है। इसी प्रकार सरसों के पौधे भी गलने लगते हैं।
मौसम विभाग का अनुमान :
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवाएं आ रही हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश में 28 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में अपेक्षाकृत उतार-चढ़ाव बन सकता है।
गिर रहा अधिकतम तापमान :
पड़ रही अच्छी ठंड का असर गर्म कपड़ों के बाजार में भी दिखाई दे रहा है। जहां स्वेटर, जैकेट, शाल, रजाइयों की डिमांड बढ़ गई है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट के साथ 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही जिले से लगे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।