बालोद/रायपुर। जिले में पदभार ग्रहण करते ही कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह ने आज शाम जिला मुख्यालय के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तांदुला नदी में चल रहे सफाई कार्य, स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में चल रहे कार्य, सी-मार्ट, गढ़ कलेवा, गंगासागर तालाब, वाटिका और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे गढ़ कलेवा पहुंचे और महिला स्व. सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की और सामग्रियों की जानकारी ली। चर्चा के बाद उन्होंने अपने लिए 15 दिन के भोजन का एडवांस 500 रूपए भी दिया और कहा की वे रोजाना गढ़ कलेवा के भोजन का स्वाद लेंगे। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के समीप स्थित तांदुला नदी में चल रहे सफाई कार्य का अवलोकन किया और सफाई कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने तांदुला नदी में सफाई के साथ ही सौंदर्यीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम पहुंचकर वहां चल रहे कार्यों व गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां मैदान में घास लगाने किए जा रहे कार्य की प्रगति की जानकारी ली और शीघ्र ही मैदान में घास लगाने का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेडियम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शारीरिक परीक्षण की तैयारी में लगे हुए अभ्यर्थियों से भी चर्चा की और लगनपूर्वक मेहनत करने प्रेरित किया। कलेक्टर ने नवनिर्मित सी-मार्ट का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां विक्रय के लिए रखे गए विभिन्न प्रकार के सामग्रियों का जायजा लिया और आर्ट से संबंधित सामग्रियों की विशेष पैकेजिंग के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के विभिन्न स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए सामग्रियों को भी देखा और सामग्रियों के गुणवत्ता की प्रशंसा की।

इसी क्रम में कलेक्टर ने शहर के गंगासागर तालाब का भी अवलोकन किया और तालाब में फैली गंदगी को शीघ्र ही सफाई करने के निर्देश नगर पालिका बालोद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। उन्होंने नया बस स्टैण्ड स्थित वाटिका का भी जायजा लिया और पर्याप्त रोशनी की सुविधा के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला अस्पताल बालोद का भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संध्याकालीन संचालित ओपीडी, आईसीयू कक्ष, प्रसूति कक्ष, सोनोग्राफी कक्ष आदि का अवलोकन किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से भी चर्चा कर उनसे अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ ही पेयजल, अस्पताल परिसर में रोशनी व बैठक व्यवस्था समुचित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नही होनी चाहिए, उनका समय पर समुचित उपचार करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.