बिलासपुर/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। बिलासपुर जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवार गुरुवार की सुबह 11 बजे रैली निकालकर नामांकन पत्र जमा करेंगे। इस बहाने भाजपा का शक्ति प्रदर्शन भी होगा और जनसभा भी होगी। वाजपेयी मैदान में आयोजित सभा में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशियों की नामांकन रैली 30 अक्टूबर को होगी, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होकर चुनावी सभा लेंगे।

भाजपा नेता और बिल्हा विधानसभा के प्रत्याशी धरमलाल कौशिक और अमर अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की खोखली घोषणाओं के भ्रमजाल से ऊपर उठ चुकी है। पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भूपेश की सरकार में जन आधार होता, तो विधायकों को खोजने में इतनी देर नहीं होती।

भाजपा ने जीतने वाले चेहरों को चुनाव में उतारा है। भाजपा विधायक रजनीश सिंह का टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति भारतीय जनता पार्टी में टिकट का फैसला करती है। टिकट वितरण में कोई असंतोष की बात नहीं है। भाजपा ने सबसे पहले टिकटों की घोषणा की।

भाजपा नेताओं ने बताया कि भाजपा के दावेदार शुभ मुहूर्त में नामांकन पत्र जमा कर रहे हैं। इसके साथ ही सामूहिक नामांकन की परंपरा को निभाते हुए असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के मुख्य आतिथ्य में बिलासपुर जिले के सभी प्रत्याशी गाजे-बाजे के साथ विजय संकल्प रैली निकालकर नामांकन दाखिल करेंगे।

रैली जगन्नाथ मंगलम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वाजपेयी मैदान पहुंचेगी। प्रत्याशी पहले नामांकन पत्र जमा करेंगे। इसके बाद सभा होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी अमर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.