नई दिल्ली। लंबी बीमारी के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया। पिछले तीन महीने से दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। माधवी राजे के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए आज ग्वालियर लाया जाएगा। माधवी राजे नेपाल राजघराने से संबंध रखती थीं। उनके दादा जुद्ध शमशेर बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री थे।

1966 में माधवराव सिंधिया के साथ उनका विवाह हुआ था। वह चैरिटी के काम में सक्रिय रहती थीं। माधवी राजे चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सहायता देने वाले 24 ट्रस्टों की अध्यक्ष थीं। राजमाता के निधन पर सीएम मोहन यादव के साथ ही बीजेपी नेताओं ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी दुख जताया है।