
मुंगेली, the media point। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल शिक्षक संतोष गुप्ता ने अपने अदम्य साहस, संकल्प और मेहनत से एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने भारत के गोल्डन क्वाड्रिलेटरल (स्वर्णिम चतुर्भुज) — दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई और पुनः दिल्ली — की लगभग 6000 किलोमीटर लंबी दूरी को मात्र 24 दिन, 18 घंटे और 7 मिनट में साइकिल से पूरा किया।यह यात्रा उन्होंने बिना किसी सपोर्ट टीम के, एक साधारण पुरानी सिंगल-गियर साइकिल पर अकेले ही पूरी की। 24 नवंबर की शाम नई दिल्ली के इंडिया गेट पहुंचकर उन्होंने यह चुनौतीपूर्ण सफर सफलतापूर्वक संपन्न किया।संतोष गुप्ता रोजाना बिलासपुर से मुंगेली के सल्फा गांव स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल तक 30 किलोमीटर साइकिल चलाकर बच्चों को पढ़ाने जाते हैं और पढ़ाई के बाद फिर 30 किलोमीटर साइकिल चलाकर घर लौटते हैं। वर्षों से की जा रही यही मेहनत, अनुशासन और लगन उनकी शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती का आधार बनी, जिसने उन्हें इस कठिन यात्रा के लिए तैयार किया।गौरतलब है कि इससे पहले भी संतोष गुप्ता बिलासपुर–नेपाल–बिलासपुर और लेह–लद्दाख तक साइकिलिंग कर चुके हैं। इतना ही नहीं, वे छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों का भ्रमण साइकिल से कर चुके हैं।साधारण जीवन जीने वाले यह शिक्षक आज युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुके हैं। उनका यह सफर यह संदेश देता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
