नई दिल्ली/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। देश में आज रक्षाबंधन का त्यौहार बेहद धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रावण महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व के दौरान बहनों और भाइयों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं रक्षाबंधन के इस पर्व पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत।कई नेताओं ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। कांग्रेस की ओर से भी रक्षाबंधन की बधाई दी गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से गुरुवार सुबह ट्वीट किया गया है। इसमें कहा गया है, ‘भाई-बहन के बीच अटूट बंधन, स्नेह और विश्वास के प्रतीक, रक्षा बंधन के उल्लासपूर्ण अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। मेरी कामना है कि यह पर्व, हमारे समाज में मेल-जोल व सौहार्द को प्रोत्साहित करे और महिलाओं के प्रति सम्मान में वृद्धि करे।’
पीएम मोदी और अमित शाह ने दी बधाई :
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘आप सभी को रक्षाबंधन की बहुत-बहुत बधाई।’ गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, ‘सभी देशवासियों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।’ इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार भाई-बहन के एक-दूसरे के प्रति स्नेह, विश्वास और कर्त्तव्य का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक सद्भाव के साथ ही महिलाओं के प्रति आदर और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ बनाता है।’
