रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। सुबह 11 बजे वे रायपुर के अवंति विहार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे रथ यात्रा के शुभ अवसर पर पूजा-अर्चना करेंगे।
भगवान के रथ मार्ग पर लगाएंगे सोने की झाड़ू :
मुख्यमंत्री श्री साय भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा में परंपरागत तौर पर भाग लेंगे और भगवान के रथ मार्ग पर सोने की झाड़ू लगाकर सेवा देंगे। यह कार्य पुरी की परंपरा के अनुरूप किया जाता है, जिसे “गजपति महाराजा” की भूमिका माना जाता है।
दोपहर में रवाना होंगे ओडिशा और फिर जशपुर :
रायपुर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे ओडिशा के लिए रवाना होंगे। वे झारसुगुड़ा पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से जशपुर के लिए निकलेंगे।
जशपुर में शामिल होंगे भव्य रथ यात्रा में :
मुख्यमंत्री जशपुर जिले के दोकड़ा गांव में आयोजित भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में भी शामिल होंगे। यह आयोजन लंबे समय से वहां की परंपरा का हिस्सा रहा है और इस बार भी इसे भव्यता से मनाया जा रहा है।
धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा है कार्यक्रम :
मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है। वे ना केवल राज्य की परंपरा से जुड़ रहे हैं, बल्कि आम श्रद्धालुओं के साथ मिलकर आयोजन का हिस्सा भी बन रहे हैं।