रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। राजधानी रायपुर में युवाओं में तेजी से फैलते नशे के प्रचलन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। एएसपी क्राइम संदीप मित्तल के नेतृत्व में पुलिस की 20 से अधिक टीमों ने शहरभर के 200 से अधिक दुकानों, गुमटियों और ठेलों पर एकसाथ छापेमारी की। अभियान में गोगो पेपर, ई-सिगरेट, हुक्का फ्लेवर, चिलम, गुटखा और अन्य प्रतिबंधित नशीली सामग्री जब्त कर उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह पूरा अभियान पुलिस महानिरीक्षक और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाया गया। शहर के प्रमुख इलाकों राजेंद्र नगर, टिकरापारा, गुढ़ियारी, पंडरी, खमतराई, आजाद चौक, सरस्वती नगर और तेलीबांधा को शामिल किया गया।
जब्त की गई सामग्री की सूची :
2600 नग गोगो पेपर
400 नग रोल पेपर
550 नग चिलम
10 पैकेट हुक्का फ्लेवर
25 नग हुक्का उपकरण
04 पैकेट प्रतिबंधित सिगरेट
200 पाउच गुटखा
04 नग सिगार
11 लोगों पर एफआईआर दर्ज :
नशे का सामान बेचते पाए गए 11 दुकानदारों के खिलाफ संबंधित थानों में कोटपा एक्ट (COTPA Act) और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। संबंधित दुकानों को बंद कराने की कार्रवाई भी की गई।
गोगो पेपर के डीलर के गोदाम पर भी छापा:
शंकर नगर स्थित K.K. ट्रेडर्स के गोदाम में भी छापा मारा गया, जहां से 6000 नग गोगो पेपर बरामद किए गए। गोदाम संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील :
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी नशे का अवैध कारोबार दिखे, तो वे तुरंत 94792-16156, 94792-11933 या 1933 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह और एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश पांडे के संयोजन में यह अभियान भविष्य में और भी सख्ती से जारी रहेगा।