
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर 5 फरवरी 2025 को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।अभियान के तहत उत्तर एवं पश्चिम जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में गुढ़ियारी, आज़ाद चौक, कबीरनगर और रामनगर जैसे संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानी सूची में शामिल अपराधियों और अड्डेबाजों पर विशेष नजर रखते हुए सख्त जांच की गई।रामनगर, आज़ाद चौक सहित अन्य क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई। वहीं पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के लगातार कॉम्बिंग और चेकिंग अभियानों का मकसद अपराधियों में भय पैदा करना, असामाजिक तत्वों पर लगाम कसना और आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
