
कोरबा, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के ढेलवाडीह गांव में एक पति ने दिनदहाड़े अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।मृत महिला की पहचान रंजना यादव के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी उसका पति तुलसी यादव बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच संतान नहीं होने को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। यही विवाद धीरे-धीरे गंभीर तनाव में बदल गया। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान गुस्से में आकर आरोपी पति ने घर में रखे कृषि उपकरण से पत्नी पर हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दमघटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने महिला को तत्काल कटघोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
