
बालोद, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी केंद्र में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के दिन वह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां मौजूद बच्चों व सहायिका को बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता युगेश्वरी देवांगन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने केंद्र के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोहरे घटनाक्रम से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।
