
कटघोरा, द मीडिया पॉइंट। कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत कोरबा जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पसान वनपरिक्षेत्र के ग्राम रामपुर इलाके में छापेमारी कर साल प्रजाति की लकड़ी से भरा एक ट्रक जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी की देर रात वन विभाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजस्व क्षेत्र से अवैध रूप से काटी गई साल लकड़ी को ट्रक के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। उप वनमंडलाधिकारी के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी एवं वन अमले ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।करीब रात 1:40 बजे संदिग्ध ट्रक का पीछा किया गया। रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी तक वाहन का पीछा करने के बाद चालक ट्रक को लावारिस हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। तलाशी लेने पर ट्रक से साल प्रजाति के 15 नग लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर आंकी गई है।जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, जबकि ट्रक (क्रमांक MP17 HH 3677) की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग ने वाहन को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है।
डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के खिलाफ विभाग की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
