
गरियाबंद, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ में सोमवार को एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 130-सी पर चिचिया के पास धान से भरे ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक दूर जा गिरने से बच गया।मृतक की पहचान 42 वर्षीय अशोक यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने एक साथी के साथ ओडिशा में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद की ओर जा रहे धान से लदे ट्रक ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और चालक वाहन की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया और कुछ दूरी तक बाइक को घसीटता रहा।घटना की सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ट्रक को बरवाहली के पास रोक लिया। थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
