
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 50 लाख रुपये की सट्टा पट्टी (लेखा-जोखा) बरामद हुई है।पुलिस को सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा स्थित एक मकान में भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से हार-जीत पर दांव लगवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा।
मौके पर एलईडी टीवी पर लाइव मैच प्रसारित हो रहा था और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था।छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे क्रिकेट मैच में दांव लगवाने का काम कर रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, रजिस्टर में दर्ज सट्टा का लेखा-जोखा, डॉट पेन, डीवीआर सहित कुल 2 लाख 70 हजार 500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी – सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर, तकियापारा दुर्गसंतोष कुमार गोंड (38 वर्ष), निवासी रुआबांधा कुदरापारा, वार्ड नंबर 4, भिलाई नगर, दुर्ग।
फरार आरोपी – शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग।
