
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। जिले में अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकरभाठा क्षेत्र स्थित होटल शिवा इन में छापा मारा। होटल की छत पर संचालित हुक्का बार पर दबिश के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में फ्लेवरयुक्त तंबाकू, हुक्का पॉट और चिलम बरामद की है। मामले में होटल के मैनेजर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में होटल और बार में अवैध रूप से हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि चकरभाठा क्षेत्र के होटल शिवा इन की छत पर हुक्का बार चलाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर रविवार रात पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही होटल स्टाफ ने वहां मौजूद लोगों को जल्दबाजी में बाहर निकाल दिया और हुक्का पॉट व अन्य सामान छिपाने की कोशिश की।हालांकि पुलिस ने होटल के किचन की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में फ्लेवरयुक्त तंबाकू, हुक्का पॉट और चिलम बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस ने होटल के मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39 वर्ष) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
