
सूरजपुर, द मीडिया पॉइंट। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना बांसापारा इलाके की है। आरोपी सर्वेश साहू ने मनरेगा में हाजिरी दर्ज करने को लेकर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र से विवाद किया। इस दौरान उसने गाली-गलौज और मारपीट भी की।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आरोपी ने वहां मौजूद सरकारी दस्तावेजों से भरा झोला छीन लिया और उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से मनरेगा और आवास योजना से संबंधित कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए।
घटना के समय संबंधित कर्मचारी दस्तावेजों की देखरेख कर रहे थे। आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी सर्वेश साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

