Oplus_131072
Oplus_131072

रायपुर, द मीडिया पॉइंट। अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। अनशन के 81वें दिन शनिवार को अभ्यर्थी दंडवत प्रणाम करते हुए विधानसभा घेराव के लिए शांतिपूर्ण मार्च पर निकले, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।मौके पर मौजूद एसडीएम ने अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से मना करते हुए कहा कि वे पहले से ही बॉन्ड भरकर धरना दे रहे हैं, इसलिए उन्हें विधानसभा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि वे आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

बता दें कि डीएड अभ्यर्थी पिछले 24 दिसंबर से नया रायपुर के तूता धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। उनकी मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति जल्द से जल्द की जाए।अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मामले में अदालत पहले ही स्पष्ट आदेश दे चुकी है। हाईकोर्ट ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को तथा सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को निर्देश दिया था कि 2621 बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के स्थान पर डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए।

इसके बावजूद शिक्षा विभाग द्वारा पूरी प्रक्रिया नहीं करने के कारण अभी भी 1326 पात्र डीएड अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि शिक्षा विभाग ने दस्तावेजों का सही सत्यापन किए बिना ही कॉमन मेरिट सूची के आधार पर स्कूल आवंटन कर दिया, जिससे कई अपात्र अभ्यर्थियों को भी स्कूल मिल गए। इसके कारण बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति नहीं मिल पाई।डीएड अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि अदालत के आदेशों का पालन करते हुए सभी पात्र अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति दी जाए।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.