
जांजगीर-चांपा, द मीडिया पॉइंट। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के जर्वे गांव में एक दिव्यांग शिक्षक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान देवानंद भारद्वाज के रूप में हुई है, जो पिहरीद में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने शिक्षक पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के पीछे ले जाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में लेन-देन से जुड़ा विवाद एक संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।
