मुंबई/रायपुर। डेस्क। साल 2020 पूरी इंडस्ट्री के लिए काफी मुश्किल भरा रहा था। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ड्रग्स केस के मामले ने एनसीबी ने कई बड़े बॉलीवुड सितारों के चेहरे से नकाब उतार दिए थे। जिसमें से एक नाम था कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया का। दोनों को ड्रग केस के मामले में एनसीबी के ऑफिस के कई चक्कर भी काटने पड़े थे। यहां तक की दोनों को गिरफ्तार तक कर लिया गया था। हालांकि वो फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। ड्रग केस मामले में लगता है भारती और हर्ष की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। दरअसल, इस केस में नई अपडेट सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक एनसीबी ने कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के खिलाफ कोर्ट में 200 पेज का चार्जशीट दाखिल की है। इस खबर के सामने आने के बाद भारती और हर्ष के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
एनसीबी ने 2020 में 21 नवंबर को भारती सिंह और हर्ष के प्रोडक्शन-हाउस ऑफिस पर छापेमारी की थी। वहां से एनसीबी ने 86.5 ग्राम मारिजुआना (गांजा) जप्त किया था। जिसके बाद बिना किसी देरी के इस जोड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया था। मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष पेश होने के बाद भारती और हर्ष को 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। 23 नवंबर को भारती और हर्ष ने मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने प्रत्येक को 15,000 रुपये की सुरक्षा राशि जमा करवाकर जमानत हासिल की थी।
अब 200 पन्नों की चार्जशीट जमा होने के बाद एक बार फिर से ये मामला सुर्खियों में आ गया है। बता दें, सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद पहली बार बॉलीवुड में ड्रग्स रैकेट का खुलासा हुआ था। ड्रग केस में भारती और हर्ष के अलावा रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक को भी गिरफ्तार किया गया था। साथ ही श्रद्धा कपूर से लेकर सारा अली खान तक का नाम इस केस से जुड़ा था।