
दुर्ग, द मीडिया पॉइंट। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत अब कानून तोड़ने तक पहुंच रही है। ऐसा ही एक मामला दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने थाने को ही रील बनाने का स्थान बना लिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, हर्ष साहू उर्फ हुक्का नाम के युवक ने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए उतई थाना परिसर से बाहर निकलते हुए एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वह फिल्मी अंदाज में प्रभाव दिखाने की कोशिश करता नजर आ रहा था। यह वीडियो “आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल” जैसे गाने पर बनाया गया था, जो तेजी से वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे देख लिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने और थाना परिसर के दुरुपयोग के मामले में उतई पुलिस ने आरोपी हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वीडियो बनाने में सहयोग करने वाले उसके साथी, स्टेशन मरोदा निवासी कनक चतुर्वेदी को भी हिरासत में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, हर्ष साहू पहले भी वर्ष 2024 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार हो चुका है और करीब 17 महीने जेल में रह चुका है।पुलिस की इस कार्रवाई को अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
