मुंबई/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। जब से बाहुबलि हिट हुई है, हिंदे सिने प्रेमियों की रुचि साउथ के सिनेमा की तरफ बढ़ी है। हाल ही में कंतारा की सफलता ने भी यह साबित कर दिया है। अब मराठी फिल्में भी हिंदी और तेलुगू जैसी तीन-चार भाषाओं में एक-साथ बनाई जा रही है। हाल ही में ऐसी ही एक फिल्म ‘हर हर महादेव’ की घोषणा हुई थी, अब एक और फिल्म आ रही है जिसमें अक्षय कुमार छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाने वाले हैं। इसकी घोषणा कल महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे की मौजूदगी में हुई।
यानी राम सेतु के बाद ऐतिहासिक संदर्भों वाली यह भी एक बेहद महत्वाकांक्षी फिल्म लेकर आ रहे हैं अक्षय कुमार। यह संजय दत्त के अभिनय से सजी फिल्म वास्तव’ बनाकर मशहूर हुए महेश मांजरेकर निर्देशित कर रहे हैं। यह मराठी के अलावा हिंदी और तेलुगू समेत तीन-चार भाषाओं में एक साथ बन रही है। मराठी में इसका नाम, ‘वेडात मराठे वीर दौड़ले सात’ है। इस फिल्म में कल (2 नवंबर, बुधवार) अक्षय कुमार के छत्रपति शिवाजी महाराज के तौर पर फर्स्ट लुक को प्रदर्शित किया गया।
मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी, सबसे बड़े अवसरों में से एक – अक्षय कुमार :
अक्षय कुमार ने इस मौके पर कहा कि उनके लिए यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि उन्हें इतने बड़े महापुरुष छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार को निभाने के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि वे अपना सारा हुनर और सामर्थ्य इसे अच्छी तरह से पूरा करने में लगा देंगे। अपने फर्स्ट लुक के बारे में उन्होंने कहा कि अभी मेरे छत्रपति शिवाजी महाराज के लुक को लेकर और भी बहुत कुछ किया जाना है।
हमने भी तीन महीने पहले एक दौड़ लगाई – सीएम एकनाथ शिंदे :
पिक्चर के नाम का भाव है कि ‘जब सात मराठे दौड़े।’ इस मौके पर सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा हमने भी तीन महीने पहले एक दौड़ लगाई। जो जनता के मन में था, वो कर दिखाया। राज ठाकरे और मैं कई बार एक साथ आ रहे हैं। पिछले दस सालों में ऐसा नहीं हो पा रहा था। सारा बैकलॉग अब भर रहे हैं। इस पर चुटकी लेते हुए राज ठाकरे ने कहा कि ‘वेडात मराठे वीर दौड़ले चालीस’ के निर्देशक राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं। राज ठाकरे का इशारा ठाकरे गुट के 55 में से 40 विधायकों को लेकर शिंदे-फडणवीस सरकार बनाने की ओर था।