कुणाल सिंह ठाकुर। उत्तराखंड के जोशीमठ में मुआवजे को लेकर लोगों ने आज जमकर प्रदर्शन किया। प्रशासन का बुलडोजर आज असुरक्षित घरों को गिराने मौके पर पहुंचा तो लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। वहीं, लोगों के हंगामे को देखते हुए जिलाधिकारी ने डिमोलेशन पर रोक लगा दी है। आपदा पीड़ितों ने कहा कि पहले उन्हें उचित मुआवजा राशि दी जाए, तभी घरों को गिराया जाए। हालांकि, प्रशासन ने कहा है कि उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी। इस बीच, आपदा पीड़ितों के बीच सरकार ने मदद पहुंचानी शुरू कर दी है। अबतक 53 प्रभावित परिवारों को 5000 रुपये हर परिवार दिए गए हैं। वहीं, 10 क्षतिग्रस्त भवनों के प्रभावितों को प्रति भवन 1.30 लाख की दर से धनराशि वितरित की गई है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को उनकी आवश्यकतानुसार खाद्यान किट और कंबल भी वितरित किए गए हैं।
अबतक कुल 70 खाद्यान्न किट औप 70 कम्बल पीड़ितों को दिए गए हैं। साथ ही 570 लीटर दूध प्रभावितों के बीच वितरित किया गया है। वहीं, कुल 80 प्रभावित व्यक्तियों की मेडिकल जांच की गई है। बताया जा रहा है कि भू-धंसाव के कारण जोशीमठ क्षेत्र में कुल 723 भवनों में दरारें आ चुकी हैं। सुरक्षा को देखते हुए 131 परिवारों को अस्थाई रूप से विस्थापित कर दिया गया है।