उस्मानाबाद/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। महाराष्ट्र (Maharashtra) के उस्मानाबाद (Osmanabad) में उर्स के दौरान सांड घुस जाने से भगदड़ मच गया। भगदड़ में 14 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। घटना गुरुवार यानि आज सुबह की है। बताया जा रहा है कि उस्मानाबाद शहर के दरगाह हजरत ख्वाजा शमशुद्दीन गाजी रहमतुल्ला अलैही पर एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन था। काफी संख्या में दरगाह के पास लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी बीच, एक सांड बेकाबू हो गया और इधर-उधर दौड़ने लगा। वहीं, सांड की इस हरकत को देखते हुए लोग भी भयभीत हो गए और बचने का प्रयास करने लगे, इस दौरान सांड के हमले में कुछ लोग जख्मी हो गए।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि दरगाह की लाइटों से सजावट की गई है। वहां पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद है। इसी दौरान एक सफेद सांड घुस जाता है। वह इधर-उधर दौड़ने लगता है। सांड भीड़ को चीरते हुए आगे बढ़ता है। सांड के भागने के दौरान कई लोग उसकी चपेट में आ जाते हैं। कई लोग जमीन पर गिर जाते हैं। वहीं, कई लोग उसके पैरों से भी कुचल जाते हैं।