रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। प्रदेश में भाजपा ने प्रदेश में 21 उम्मीदवारों की पहली सूची 17 अगस्त को जारी कर सबको चौंकाया था, अब दूसरी सूची 14 सितंबर को जारी कर पार्टी विपक्षी दलों को फिर चौंकाने जा रही है। रायगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा 14 सितंबर को है। इसी दिन दूसरी सूची आने की संभावना है, क्योंकि पीएम मोदी ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 सितंबर, मंगलवार को रात 10 बजे दिल्ली में बुलवा ली है। इस बैठक में छत्तीसगढ़ की 30 सीटों पर चर्चा होगी। इनमें से आधी सीटों पर मुहर लग सकती है।

रायपुर से नेताओं को दिल्ली बुलाने के लिए चार्टर्ड प्लेन यहां भेजे गए हैं। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज सुबह मां दंतेश्वरी मंदिर से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने दंतेवाड़ा जा रहे हैं। इसके बाद वे दोपहर में पूर्व सीएम रमन सिंह के साथ दिल्ली जाएंगे। प्रदेश चुनाव प्रभारी ओम माथुर, अरुण साव, नारायण चंदेल, पवन साय सहित विजय शर्मा और ओपी चौधरी वहीं से मंगलवार को दिल्ली चले जाएंगे।

इस दौरान परिवर्तन यात्रा की कमान अरुण साव की जगह पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के हाथों में होगी। केशकाल के बारे में यह जानकारी आई है कि यहां से पूर्व आईएएस नीलकंठ टेकाम का टिकट पक्का हो गया है।

दूसरी सूची में इन सीटों के उम्मीदवार शामिल :
कोंटा, चित्रकोट, कोंडागांव, केशकाल, भानुप्रतापपुर, संजारी बालोद, दुर्ग ग्रामीण, अहिवारा, रायपुर ग्रामीण, जैजेपुर, पत्थलगांव, अंबिकापुर, पाली तानाखार, सीतापुर, सामरी, लोरमी, लैलूंगा, बसना, साजा, बिलाईगढ़, पामगढ़, सारंगढ़ और सक्ती पर मंथन होना है। सूत्रों की मानें तो इसमें से 10-12 सीटें ही अभी जारी की जा सकती है।

रायपुर ग्रामीण, दुर्ग ग्रामीण, लोरमी और संजादी बालोद जैसी सीटों को अभी रोका जा सकता है। पहली सूची जारी होने के समय केंद्रीय चुनाव समिति में 52 सीटों पर मंथन हुआ था। इसमें बी,सी और डी कैटेगरी की सीटें थी। बी यानी एक बारी, सी यानी दो बार हारी और डी यानी कभी नहीं जीती हुईं सीटें। इस बार भी जिन 30 सीटों पर मंथन होना है वे सभी बी, सी, डी कैटेगरी की हैं।

पीएम 14 को रायगढ़ में :
पीएम मोदी 15 दिन में दो बार छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। सबसे पहले वे 14 सितंबर को रायगढ़ आएंगे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद रायगढ़ में ही जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी दूसरी बार 28 सितंबर को बिलासपुर आएंगे। यहां वे भाजपा की दोनों परिवर्तन यात्राओं के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी की सभा के साथ ही परिवर्तन यात्रा का समापन हो जाएगा।

अमित शाह आज आएंगे :
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीस साल बाद परिवर्तन के संकल्प के साथ भाजपा राज्य में परिवर्तन यात्रा निकालने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर मंगलवार को दंतेवाड़ा से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करेंगे। दूसरी परिवर्तन यात्रा जशपुर से शुरू होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा 15 सितंबर को इसका शुभारंभ करेंगे। 2989 किमी की दोनों यात्राओं का समापन बिलासपुर में एक साथ 28 सितंबर को होगा। समापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

इस दौरान यह यात्रा 87 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। पहली परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव खुद करेंगे जबकि दूसरी यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने बताया कि पहली यात्रा मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी और मां महामाया देवी के आशीर्वाद से दंतेवाड़ा से बिलासपुर तक जाएगी। 1728 किमी का यह सफर 16 दिन में तय होगा। यात्रा तीन संभागों के 21 जिलों से गुजरेगी। इस दौरान 45 आमसभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। इसी तरह दूसरी यात्रा 12 दिन में 1,261 किमी का सफर तय करेगी। यात्रा 2 संभागों के 14 जिलों के 39 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। इस दौरान 39 आमसभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.