Oplus_131072

बेमेतरा/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के ग्राम पिरदा में शनिवार को सुबह 7. 58 बजे बारूद फैक्ट्री में जमकर धमाका हुआ।

यह धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के पांच से 10 किलोमीटर क्षेत्र के लोगों ने इसे महसूस किया। शुरू में लोगों ने इसे भूकंप का झटका माना किंतु बारूद फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लगने की खबर मिली तो लोग फैक्ट्री में एकत्रित होने लगे और जिनके स्वजन इस फैक्ट्री में काम करने गए थे उनकी नजरें अपने स्वजन को तलाशती रही। पूरे दिन बीत गया पर कई लोगों के स्वजन का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि विस्फोट और आग लगने की घटना के बाद पूरा प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंचा।

एनडीआरएफ टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। तमाम तरह के जतन फैक्ट्री में रेस्क्यू आपरेशन के लिए किया गया। शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलते रहा। कलेक्टर रणवीर शर्मा स्वयं घटनास्थल पर पूरे दिन डटे रहे और आवश्यक दिशा निर्देश देते रहे। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने से इस बात की पुष्टि हुई की फैक्ट्री में धमाका सुबह 7:58 बजे हुई और जमकर धुएं का गुबार आसमान की ओर बढ़ा। इसकी गति इतनी तेज थी कि चंद मिनट में आसपास का क्षेत्र बारूद के धुएं से भर गया।

रेस्क्यू आपरेशन जारी : घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम और जेसीबी की मशीन मलबा हटाने में लगी हुई थी। घटनास्थल पर मलबा के अतिरिक्त शरीर के बिखरे हुए टुकड़े भी देखने को स्पष्ट रूप से मिल रहा था। ग्रामीण जो अपने स्वजन को नदारद बताते हुए खोज रहे थे उनका कोई सुराग तक नहीं मिल पाया था। इसे लेकर उनके स्वजन अब सशंकित नजर आ रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति गठित की : ग्राम पिरदा के स्पेशल बारूद ब्लास्ट फैक्ट्री में घटना की जांच के लिए कांग्रेस ने एक समिति गठित की है। इसमें आठ सदस्यों अनीता शर्मा पूर्व विधायक, आशीष छाबड़ा पूर्व विधायक, बंसी पटेल अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा, विनोद तिवारी संयुक्त महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी, महेंद्र छाबड़ा, सुबोध हरितवाल, उधो राम वर्मा तथा दीपक मिश्रा को शामिल किया गया है। इन सदस्यों को घटना के संबंध में जानकारी लेकर वास्तविक स्थिति से प्रदेश संगठन को अवगत कराने कहा गया है। रविवार को समिति सुबह 11:00 बजे फैक्ट्री का निरीक्षण करने पहुंचेगी।

ये श्रमिक हुए घायल :

घायलों में रवि कुर्रे निवासी ग्राम हरदी, इंद्र कुमार रघुवंशी ग्राम बोरसी, दिलीप ध्रुव ग्राम पिरदा, नीरज यादव गोदामार, चंदन कुमार पिरदा, मनोहर यादव गोदामार शामिल हैं।

फैक्ट्री की कार्यशैली से नाराज थे ग्रामीण : घटनास्थल पर ग्राम पिरदा, बोरसी सहित आसपास के लगभग आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने फैक्ट्री की कार्यशैली को लेकर काफी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों के अनुसार फैक्ट्री का दुष्परिणाम आसपास के गांव के लोगों को उठाना पड़ रहा है। लोगों को जहरीले पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा था। कई बार इसे लेकर विरोध भी दर्ज किया गया किंतु रसूखदार फैक्ट्री मालिक के चलते ग्रामीणों के विरोध को हमेशा दबाया जाता रहा।

प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी पहुंचे : बारूद फैक्ट्री में धमाका की खबर मिलते ही कलेक्टर समेत अन्य अधिकारी व उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयाल दास बघेल, साजा विधायक ईश्वर साहू, बेमेतरा के पूर्व विधायक अवधेश चंदेल तथा भाजपा एवं किसान नेता योगेश तिवारी के साथ-साथ बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र साहू भी घटना स्थल पर पहुंचे।

उप मुख्यमंत्री साव व जिले के मंत्री दयाल दास भी पहुंचे : घटनास्थल इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमें में हड़कंप की स्थिति रही। पूरा प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर मौजूद रहा। वहीं घटना की जानकारी होने पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा जिले के वरिष्ठ मंत्री दयाल दास बघेल भी घटना स्थल पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना भी किया तथा जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मृतक के स्वजन को पांच लाख एवं घायलों को पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा भी की।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.