
बिलासपुर, the media point। शहर में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पुराने विवाद को लेकर हुए झगड़े में 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना पचरी घाट के पास निर्माणाधीन पुल पर हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास तिवारी समेत कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन पुल के पास मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला, जिसे तत्काल लाइफ केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सानू हुसैन (25 वर्ष), निवासी जूना बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक सानू हुसैन और आरोपी विकास तिवारी के बीच पुराना विवाद चल रहा था। वर्ष 2021 में सानू हुसैन द्वारा विकास तिवारी पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज हुआ था, जिसकी सुनवाई न्यायालय में अभी लंबित है। पुलिस के अनुसार, इसी प्रकरण में समझौता करने को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम इसी मुद्दे पर कहासुनी के बाद विवाद हिंसक हो गया और विकास तिवारी ने चाकू से हमला कर सानू हुसैन को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
