नई दिल्ली/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। राजस्थान में जारी सियासी संकट रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच राजस्थान सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब 1 घंटे तक मुलाकात हुई। सोनिया से मिलने के बाद सचिन पायलट ने कहा कि दोनों के बीच राजस्थान के मुद्दे पर विस्तार से बात हुई। उन्होंने अपनी बातों को सोनिया गांधी के सामने रखा। पार्टी अध्यक्ष ने भी उनकी पूरी बात शांतिपूर्ण तरीके से सुनी, पायलट ने कहा कि राजस्थान का चुनाव जीतना उनका पहला लक्ष्य है।
हालांकि सीएम पद को लेकर दोनों के बीच क्या सहमति बनी है, फिलहाल ये नहीं कहा जा सकता है। अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक ऐलान पार्टी की तरफ से नहीं किया गया है। पायलट से पहले सीएम अशोक गहलोत ने सोनिया से मुलाकात की थी। कहा जा रहा है कि गहलोत ने सोनिया गांधी के सामने मुख्यमंत्री पद के इस्तीफे की पेशकश की थी। वहीं, जयपुर में रविवार को हुए घटनाक्रम के बाद सचिन पायलट की आलाकमान के साथ ये पहली बैठक रही। वहीं, केसी वेणुगोपाल से साफ कर दिया है कि सोनिया गांधी अगले एक-दो दिन में सीएम पद को लेकर फैसला ले सकती हैं।
गहलोत ने सोनिया गांधी से मांगी माफी :
सीएम अशोक गहलोत की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करीब 1.30 घंटे चली थी। इस बैठक के बाद उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि राजस्थान में जो कुछ हुआ, उसके लिए वे काफी दुखी हैं, वे काफी आहत हुए हैं। इसके लिए उन्होंने सोनिया गांधी से माफी भी मांगी है।