भोपाल/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में मायके से पति के साथ लौट रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला के पति ने बताया कि महिला की मौत सड़क हादसे में हुई है, वह चलती बाइक से गिर गई थी। जबकि महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि महिला के साथ आए दिन उसका पति मारपीट करता था। मायके से भी महिला को उसका पति इस आश्वासन के साथ वापस लाया था कि वह दोबारा कभी उसके साथ मारपीट नहीं करेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय विमला परिहार अपने पति रामसेवक से विवाद होने के बाद काफी समय से अपने मायके बघारी में रह रही थी। शुक्रवार को विमला का पति उसे मायके से विदाकर अपने घर लौट रहा था। उसने विमला के माता पिता को भरोसा दिया था कि वह अब कभी उसके साथ मारपीट नहीं करेगा, इस संबंध में उसने मंदिर में जाकर कसम भी खाई थी। इसके बाद महिला के परिजनों ने उसकी विदाई के लिए अनुमति दे दी। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर अपने घर मानपुर के लिए चल पड़े, लेकिन उनके घर पहुंचने से पहले ही महिला की मौत की खबर आ गई।
पति ने कहा कि सड़क हादसे में हुई मौत :
विमला के पति रामसेवक ने बताया कि वह दोनों बाइक पर सवार थे, इसी दौरान बिमला को चक्कर आ गया और वह बाइक से गिर गई। जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं, उसने आनन-फानन में पत्नी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि विमला के मायके वालों का आरोप है कि उसका पति झूठ बोल रहा है। विमला के पति ने रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी और एक नई कहानी गढ़ दी है। यहां तक कि वह अस्पताल में शव छोड़ कर भाग गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
निसंतान होने पर होती थी मारपीट :
महिला के मायके वालों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि उसकी शादी के बाद बच्चे नहीं हो रहे थे, इसी बात को लेकर विमला और उसके पति में झगड़े होते थे। आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता था, इसी मारपीट से परेशान होकर 15 दिन पहले विमला मायके लौट आई थी। बाद में आरोपी ने ससुराल में आकर अपनी गलती मान ली और दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया तो उन्होंने अपनी बेटी को वापस भेज दिया। फिलहाल मायापुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।