
सूरजपुर, the media point। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों की मर्यादा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम, शक और गुस्से ने एक महिला की जान ले ली। जिस भांजे के साथ मामी ने नई जिंदगी के सपने देखे थे, वही अंत में उसका हत्यारा बन गया।
मामला मोरभंज क्षेत्र का है। भैसामुंडा निवासी पिंकी सोलंकी की शादी करीब नौ साल पहले शिवदास से हुई थी। रोजगार की तलाश में दंपत्ति अंबिकापुर में रह रहे थे। दोनों की एक छोटी बेटी भी थी और परिवार सामान्य जीवन जी रहा था।
इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत काम की तलाश में मामा के घर आकर रहने लगा। यहीं से रिश्तों की सीमाएं टूटने लगीं। बताया जाता है कि पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों अवैध प्रेम संबंध में बंध गए। कुछ समय बाद पिंकी ने पति और बेटी को छोड़ दिया और हेमंत के साथ रहने लगी। इस रिश्ते से एक बच्चा भी हुआ।
समय के साथ हेमंत को पिंकी के सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और अन्य लोगों से बातचीत करने पर शक होने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे। हालात ऐसे बने कि दोनों कुछ महीनों से अलग-अलग रहने लगे थे, हालांकि फोन पर बातचीत जारी थी।
29 जनवरी को हेमंत का जन्मदिन था। उसने पिंकी को घुमाने के बहाने मोरभंज बुलाया। दोनों ने साथ में केक काटा और शराब पी। इसके बाद हेमंत उसे एक सुनसान जगह ले गया, जहां पहले दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसे शक हुआ कि पिंकी अभी जिंदा हो सकती है, तो उसने चाकू से गला रेत दिया।
महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि जब रिश्तों में भरोसे की जगह शक और हिंसा ले लेती है, तो उसका अंजाम बेहद भयावह होता है।

