
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। जशपुर जिले की अमराइयों में इन दिनों आम के बौरों की सुगंध वातावरण को महका रही है। इस वर्ष आम के वृक्षों पर मंजरियाँ सघन एवं स्वस्थ दिखाई दे रही हैं, जिससे किसानों में बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है। दशहरी, लंगड़ा, चौसा एवं आम्रपाली जैसी आम की प्रमुख प्रजातियाँ फूलों से आच्छादित हैं। वर्तमान में लगभग 5 हजार 410 हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती की जा रही है।सहायक संचालक उद्यान ने बताया कि अनुकूल मौसम एवं वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने पर उत्पादन में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है। जशपुर का आम अपनी गुणवत्ता एवं मिठास के कारण अन्य राज्यों में भी भेजा जाता है। उद्यानिकी विभाग ने किसानों को बौर अवस्था में सिंचाई रोकने, फूल खिलने पर कीटनाशक का छिड़काव न करने तथा कीट-रोग नियंत्रण हेतु आवश्यक दवाओं के उपयोग की सलाह दी है। मैंगो हॉपर, पाउड्री मिल्डियू एवं एंथ्राकनोज नियंत्रण के लिए समयानुसार उपचार करने को कहा गया है।
