
बलौदाबाजार, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। 89 वर्षीय असहाय वृद्धा के साथ दुष्कर्म का आरोप एक 33 वर्षीय युवक पर लगा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 26 तारीख को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि चलने-फिरने में असमर्थ वृद्धा के साथ रात के समय ग्राम मोपका निवासी दीपक टंडन (33 वर्ष) ने जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी पूर्व में भी घर आकर अनुचित हरकत कर चुका था।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 64(2)(ड) और 332 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में ग्रामीण थाना प्रभारी टीआई हेमंत पटेल की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और पीड़िता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
