
दंतेवाड़ा, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का एक इनामी माओवादी मारा गया। मृत माओवादी की पहचान एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई है, जिस पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस के अनुसार Geedam थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा गांवों के बीच जंगल में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री का डंप छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया।
सर्चिंग के दौरान रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 माओवादियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद माओवादी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
मुठभेड़ के बाद इलाके की तलाशी लेने पर एक सशस्त्र माओवादी का शव बरामद किया गया। साथ ही भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री भी जब्त की गई। इनमें एसएलआर रायफल, इंसास रायफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी सेट, मैगजीन, जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री शामिल है।पुलिस ने बताया कि मृत माओवादी की पहचान आत्मसमर्पित नक्सली कैडर की मदद से राजेश पुनेम के रूप में की गई। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सुरक्षा बल सावधानी के साथ क्षेत्र से वापस लौट आए। इस पूरे अभियान में किसी भी जवान को नुकसान नहीं हुआ है।
