
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur से दुर्ग जाने वाले मार्ग पर मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। खारून नदी पुल पर एक ऑयल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वाहन में भरा तेल सड़क पर फैल गया और यातायात प्रभावित हो गया।यह घटना Kumhari टोल प्लाजा के पास हुई। हादसे के बाद दुर्ग–रायपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीन क्रेनों की सहायता से पलटे टैंकर को सीधा किया गया। इसके बाद टैंकर को चंदनडीह की ओर हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।फिलहाल सड़क पर फैले तेल की सफाई का कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी तरह सफाई होने और मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यातायात सामान्य किया जाएगा। तब तक वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
