
रायपुर, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में होली के दिन एक युवक की हत्या से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के दौरान हुए विवाद में नीरज लोधी नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आरंग के साहू पारा का निवासी बताया जा रहा है।घटना की खबर फैलते ही समाज के लोग आक्रोशित हो उठे और बड़ी संख्या में थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूचना के अनुसार, पुलिस टीम कथित आरोपी के घर भी पहुंची। इस दौरान समाज के लोग भी बड़ी संख्या में वहां एकत्र हो गए। कुछ लोगों ने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की, जिस पर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
