
रायगढ़, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया है। पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग पर अमलीडीही गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग किसी काम से जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रेलर चालक की तलाश भी की जा रही है।इस हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
