विशाखापट्टनम/रायपुर। कुणाल सिंह ठाकुर। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलगू देशम पार्टी (TDP) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू को जेल पहुंचाना पुलिस को भारी पड़ गया। नायडू को शुक्रवार सुबह करीब पौने छह बजे सीआईडी ने नंदयाला में अरेस्ट किया। उनकी गिरफ्तारी स्किल डेवलपमेंट घोटाला मामले में हुई। गिरफ्तारी के बाद नायडू को 9 घंटे का सफर कर 300 किलो मीटर दूर गुंटूरले जाया गया, जहां सीआईडी ने करीब 10 घंटों तक उनसे पूछताछ की।
समर्थकों ने रोका पुलिस का काफिला :
जब पुलिस नायडू को नंदयाला से गुंटूर लेकर जा रही थी तो रास्ते में उनका सामना नायडू के समर्थकों से हुआ, जो नायडू की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। कई जगह पुलिस के काफिले को भी रोकने की कोशिश की गई, समर्थक सड़कों पर बैठ गए। बाद में समर्थकों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। हालांकि नायडू ने सभी समर्थकों से सड़क से हट जाने की अपील की।

धरने पर बैठ गए नायडू के बेटे लोकेश विजयवाड़ा :
गुंटूर में सीआईडी ने नायडू से एसआईटी के दफ्तर में करीब 10 घंटे पूछताछ की। इसके बाद नायडू को रविवार सुबह 4 बजेअस्पताल ले जाया गया और मेडिकल जांच के बाद रविवार सुबह 6 बजे उनको कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने नायडू के बेटे लोकेश को भी उनसे मिलने नहीं दिया। लोकेश विजयवाड़ा आने चाहते थे, लेकिन रास्ते में पुलिस ने उनको रोक लिया, जिसके बाद वह धरने पर बैठ गए। हालांकि बाद में पुलिस ने उनको पिता से मिलने की इजाजत दे दी।
वहीं, जनसेना पार्टी प्रमुख और अभिनेता पवन कल्याण भी चंद्रबाबू नायडू से मिलने जा रहे थे, उनको भी पुलिस ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर रोक दिया। इसके बाद भारी संख्या में पवन कल्याण के समर्थक बॉर्डर के पास पहुंच गए, जिसकी वजह से काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। समर्थक विरोध प्रदर्शन करने लगे तो पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया और मंगलगिरी जाकर छोड़ दिया।

पवन कल्याण ने राज्य सरकार पर साधा निशाना :
पवन कल्याण ने नायडू की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार विपक्षी पार्टी के नेताओं को प्रताड़ित कर रही है और उनपर झूठे आरोप लगा रही है। सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी के नेताओं के खिलाफ भी गंभीर मामले दर्ज हैं। वह महीनों जेल में रह चुके हैं, बावजूद इसके उनको विदेश जाने के लिए भी इजाजत मिल जाती है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पुरंदेश्वरी ने भी नायडू की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की।
मैंने कोई गलत काम नहीं किया- नायडू :
वहीं, गिरफ्तारी के बाद चंद्रबाबू नायडू ने लोगों से शांति बनाए रखने के लिए कहा। नायडू ने कहा कि मैंने कोई गलत काम नहीं किया। जान बूझकर ये लोग रात से परेशान कर रहे थे और डरा धमकाकर तनाव की स्थित पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। आखिरकार उन्होंने मुझे अरेस्ट कर लिया। मैंने कहा कि मैंने क्या गलती की? कोई सबूत दिखाओ। लेकिन इन्होंने कुछ नहीं बताया। अब एक एफआईआर दर्ज की है, जिसमें मेरा क्या रोल है, नहीं बताया गया है। इनका इस तरह का बर्ताव बहुत दुःखद है।