बांका/रायपुर। द मीडिया पॉइंट। बिहार के बांका जिले में एक महिला अपने तीन बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला के पति ने उसे कुछ दिन पहले ही एक नया स्मार्टफोन खरीदकर दिया था। महिला का पति नेपाल में मजदूरी करता है। अब पति ने नेपाल से वापस आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करने में जुटी है। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
नेपाल से आकर पति ने गिफ्ट किया था स्मार्टफोन :
पुलिस में कई गई शिकायत के अनुसार, बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में रहने वाला एक युवक नेपाल में मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले युवक अपने घर आया था। यहां उसकी पत्नी ने उससे एक नया स्मार्टफोन दिलाने को कहा। पत्नी के जिद करने पर पति ने उसे 20 हजार रुपये का नया मोबाइल हैंडसेट गिफ्ट में दिया था। इसके बाद, वह वापस काम के लिए नेपाल चला गया।
पति गया नेपाल, इधर प्रेमी संग पत्नी फरार :
युवक ने अमरपुर पुलिस को बताया, ‘नेपाल पहुंचने के कुछ दिन बाद जब मैंने अपनी पत्नी को उसके मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल किया तो वह बंद था। तब मुझे संदेह हुआ। मैंने अपने गांव के एक पड़ोसी से संपर्क किया। उसने बताया कि तुम्हारी पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई है।’ पीड़ित पति ने कहा कि इसके बाद वापस यहां आया और अपनी लापता पत्नी की तलाश के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी: पुलिस
अमरपुर पुलिस निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि ‘हमने जांच शुरू कर दी है, लेकिन महिला वयस्क है। इसलिए कोई भी निर्णय लेने के लिए वो स्वतंत्र है। हम शिकायत की जांच कर रहे हैं।’ प्रेमी के साथ फरार हुई महिला अपने तीन बच्चों को छोड़कर गई है। इनकी उम्र 2 से 6 साल के बीच है। अब पत्नी की अनुपस्थिति में पति अपने बच्चों की देखभाल कर रहा है।