Oplus_131072
Oplus_131072

रायपुर, द मीडिया पॉइंट। वर्ष आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं में खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जुड़े विद्यार्थियों को अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले से कुल 304 विद्यार्थियों के नाम बोनस अंकों के लिए भेजे गए हैं।

इनमें 226 खिलाड़ी और 78 स्काउट-गाइड से जुड़े छात्र-छात्राएं शामिल हैं।जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, खेल गतिविधियों के आधार पर कक्षा 12वीं के 118 और कक्षा 10वीं के 108 विद्यार्थियों को बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। वहीं स्काउट-गाइड गतिविधियों में 12वीं के 31 और 10वीं के 37 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। राज्य स्तर पर कुल लाभार्थियों की संख्या की समेकित जानकारी अभी मंडल को प्राप्त नहीं हुई है। जिलों से प्राप्त प्रस्ताव पहले लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे जाते हैं, जहां से अनुमोदन के बाद अंतिम सूची मंडल को उपलब्ध कराई जाती है।नियमों के तहत राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने पर 10 अंक, राष्ट्रीय स्तर पर 15 अंक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने पर अधिकतम 20 अंक तक दिए जाने का प्रावधान है।

एनसीसी गतिविधियों में आरडी परेड और मावलंकर शूटिंग के लिए 15 अंक, वायु, थल या नौसेना शिविर में भागीदारी पर 15 अंक तथा डी-कैट शिविर के लिए 10 अंक निर्धारित हैं।स्काउट-गाइड में राज्यपाल पुरस्कार पर 10 और राष्ट्रपति पुरस्कार पर 15 अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा साक्षरता कार्यक्रम या उल्लास नवभारत अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों और अनुदेशकों को अधिकतम 10 अंक तक दिए जा सकते हैं।यह सुविधा केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगी, जिन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया अथवा अन्य मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा प्रमाणित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हो।मंडल का मानना है कि इस निर्णय से विद्यार्थियों में खेल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा तथा उनके समग्र व्यक्तित्व निर्माण को नई दिशा मिलेगी।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.