
बिलासपुर, द मीडिया पॉइंट। यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने और बिना टिकट सफर पर रोक लगाने के उद्देश्य से 25 फरवरी को भारतीय रेल के बिलासपुर स्टेशन में औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्रवाई में मुख्य टिकट निरीक्षक और टीटीई स्टाफ की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
अभियान के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन सहित बिलासपुर–चांपा रेलखंड पर चलने वाली 17 ट्रेनों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 372 प्रकरण दर्ज किए गए और 2 लाख 19 हजार 830 रुपये का जुर्माना वसूला गया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट यात्रा के 303 मामलों से 1 लाख 90 हजार 625 रुपये, अनियमित टिकट के 59 मामलों से 28 हजार 205 रुपये और बिना बुक कराए गए सामान के 10 मामलों से 1 हजार रुपये की वसूली की गई।अभियान के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें। साथ ही यात्रियों से रेल संपत्ति को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह भी किया गया।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना अनिवार्य है।
