सारंगढ़, द मीडिया पॉइंट। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में होली का त्योहार उस समय गम में बदल गया, जब सरसीवा थाना क्षेत्र के तिलाईपाली मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिग लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के मिट्ठूगुड़ा निवासी 16 वर्षीय अमर कुर्रे और 17 वर्षीय साहिल महंत बाइक से अपने नाना के घर से लौट रहे थे। तिलाईपाली मोड़ के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही सरसीवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभावित नशे को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तिलाईपाली मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क की खराब स्थिति और खतरनाक मोड़ को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।

सरसीवा थाना प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और तेज रफ्तार से बचें ।

By Kunaal Singh Thakur

KUNAL SINGH THAKUR HEAD (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !! You are not allowed to copy this page, Try anywhere else.